मुख्यपृष्ठनए समाचारबस अब और नहीं... आपके घर दीये जलेंगे हमारे घर चूल्हा भी...

बस अब और नहीं… आपके घर दीये जलेंगे हमारे घर चूल्हा भी नहीं! …३९ हजार कर्मचारियों का आक्रोश हेल्थ मिनिस्टर के घर करेंगे ‘दीप’ आंदोलन

सामना संवाददाता / मुंबई
तीन महीने से ३९ हजार से अधिक एनएचएम कर्मी बिना मानधन काम करते-करते अब टूट चुके हैं। उनके परिवारों की बचत खत्म हो चुकी है। इस वजह से वे भूख, लोन की किश्तें, बच्चों की फीस और रोजमर्रा के खर्चों से जूझ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की नीरसता और फाइलों पर हो-हल्ले ने कर्मचारियों के संयम को तोड़ दिया है इसलिए अब सहन की सीमा पार हो चुकी है और वे बोल पड़े हैं कि बस अब और नहीं। उन्होंने कहा है कि उनकी दिवाली में खुशी की रोशनी सरकार ने छीन ली है। मंत्री का घेराव करते हुए उन्होंने कहा कि आपके घर दीये जलेंगे, लेकिन वेतन न मिलने से हमारे घर चूल्हा भी नहीं जलेगा। कर्मचारियों ने महायुति सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि वे न केवल हेल्थ मिनिस्टर के दरवाजे पर दीप अंदोलन करेंगे, बल्कि आरोग्य भवन और मंत्रालय तक मोर्चा भी निकलेगा।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के करीब ३९,००० कर्मचारी पिछले तीन महीनों से बिना वेतन काम कर रहे हैं। दीपावली नजदीक है, मगर इन कर्मचारियों के घरों में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासनिक देरी और घोर लापरवाही के कारण वेतन रुका पड़ा है। संबंधित विभागों के अधिकारी हर हफ्ते छुट्टियां लेकर गायब हो जाते हैं। इसी के साथ ही हर फाइल पर १०-१० टिप्पणियां लिखते हैं, लेकिन एक आदेश तक नहीं निकालते। ऐसे में एनएचएम कर्मियों का अब गुस्सा फूट पड़ा है और इसका निशाना सीधे राज्य के स्वास्थ्य मंत्री, आयुक्त और सचिव हैं।

मंत्री की नहीं सुनते अधिकारी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के एकत्रीकरण समिति में राज्य प्रमुख विजय गायकवाड ने कहा कि समझ नहीं आता, इनकी नियुक्ति निर्णय लेने या फाइलें रोकने के लिए हुई है। ये अधिकारी मंत्री की भी नहीं सुनते। अपनी मर्जी से पैâसले लेते हैं। अब बस बहुत हुआ।

 

अन्य समाचार