मुख्यपृष्ठनए समाचारसोनीपत में मचा हड़कंप!..दूषित पानी पीने से दर्जनों की तबीयत बिगड़ी

सोनीपत में मचा हड़कंप!..दूषित पानी पीने से दर्जनों की तबीयत बिगड़ी

-इलाज के दौरान एक शख्स ने तोड़ा दम

हरियाणा के सोनीपत में बीती रात दूषित पानी पीने से एक ही कॉलोनी के दर्जनभर से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। देर रात एक के बाद एक लोगों की बिगड़ती तबीयत को देख आनन-फानन में मरीजों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान एक शख्स ने दम तोड़ दिया, वहीं दो मरीजों को सिविल अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। इस घटना से अग्रसेन चौक और आसपास की कॉलोनियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि राजीव कॉलोनी, शिव कॉलोनी, गढ़ी समेत कई कॉलोनियों में दूषित पानी पीने से लोगों की तबीयत बिगड़ी है। मरीजों की हालत बिगड़ने पर मरीजों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। कई परिवार के लोग अपने सदस्यों को निजी अस्पतालों में लेकर गए हैं। एक मरीज के तीमारदार ने बताया कि उनकी पत्नी बीमार हुई है और ८-१० लोग बीमार हैं। उसने रात को पत्नी को अस्पताल में भर्ती करवाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात कॉलोनी के लोगों को उल्टी और दस्त होने लगे। उल्टी और दस्त से परेशान लोग बीमारी की वजह दूषित पानी को बता रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सोनीपत आपातकाल विभाग में तैनात डॉक्टर भी हैरान और परेशान हैं कि एक ही कॉलोनी से इतने मरीज कैसे आए? डॉक्टर ने बताया कि रात को एक साथ उल्टी और पेट खराबी के कई मरीज आए, जिसमें से एक की मौत हो चुकी है और बाकी मरीजों का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि पानी पीने से यह हुआ है तो उस पानी की जांच होनी चाहिए।

अन्य समाचार