मुख्यपृष्ठनए समाचारपांच साल पहले की भूल पर पवार को पछतावा... नवनीत राणा को...

पांच साल पहले की भूल पर पवार को पछतावा… नवनीत राणा को समर्थन देकर हुई थी गलती!… अमरावतीकरों से माफी मांगना चाहता हूं

सामना संवाददाता / मुंबई

पांच साल पहले मैंने एक गलती की थी। मैं इसके लिए अमरावतीकरों से माफी मांगना चाहता हूं। पिछली बार मैंने गलती की थी और नवनीत राणा का समर्थन किया था। अब उस गलती को सुधारने जा रहा हूं। अब मैं बलवंत वानखेड़े को जिताने आया हूं। पांच साल पहले जो गलती हुई, उसे अब सुधारना है। इन तीखे शब्दों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने निशाना साधा।
अमरावती लोकसभा क्षेत्र में महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवार बलवंत वानखेड़े के प्रचारार्थ कल मविआ की सभा हुई। इस सभा में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे की एक सार्वजनिक सभा हुई। इस सभा में शरद पवार ने नवनीत राणा सहित पीएम मोदी पर निशाना साधा।
पुतिन की राह पर चल रहे मोदी
शरद पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुतिन की राह पर चल रहे हैं। देश में मोदी के रूप में एक नया पुतिन तैयार हो रहा है। नरेंद्र मोदी देश के लिए योगदान देनेवाले पंडित जवाहरलाल नेहरू की आलोचना करते हैं। उन्होंने अपने १० साल के कार्यकाल में क्या किया, देश के लिए क्या विकास किया, इस पर कुछ नहीं कहते। वर्तमान समय में देश तानाशाही की ओर बढ़ रहा है।
मोदी राज खत्म किए बिना नहीं मानेगी जनता
भाजपा ने देश में ४०० पार और महाराष्ट्र में ४५ प्लस का नारा दिया है। हालांकि, सर्वे से पता चलता है कि उनका सपना टूट जाएगा। इस पर भी शरद पवार ने भरोसा जताया है कि महाविकास आघाड़ी को २५ से ज्यादा सीटें मिलेंगी। लोग लोकतंत्र चाहते हैं। जनता इस तानाशाही को उखाड़ फेंकेगी।
‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में है जनमत
शरद पवार ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर हुए सर्वे में जनमत ‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी की मजबूत स्थिति है और आघाड़ी को ही जनमत का समर्थन मिलेगा। यह स्पष्ट सर्वे में दिखाई दे रहा है। उन्होंने अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा है कि इस चुनाव में महाविकास आघाड़ी को राज्य में २५ से ज्यादा सीटें मिल सकती हैं। साल २०१९ में आघाड़ी ने महाराष्ट्र में छह सीटें जीतीं। इसमें चार सीटों पर हमारी पार्टी, एक सीट पर कांग्रेस और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी।

अन्य समाचार