मुख्यपृष्ठसमाचारभगवान को ही दे दी ‘सुपारी’!

भगवान को ही दे दी ‘सुपारी’!

-मंदिर की दानपेटी में मिले २० रुपए के

-नोट पर लिखी सास की मौत की प्रार्थना

सामना संवाददाता / अनंतपुर

मंदिरों में श्रद्धालु आमतौर पर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करते हैं, लेकिन आंध्र प्रदेश के एक मंदिर की दानपेटी से मिली अनोखी प्रार्थना ने लोगों को हैरान कर दिया। दानपेटी में २० रुपए का एक ऐसा नोट मिला, जिस पर एक महिला रिश्तेदार की जल्द मौत की कामना लिखी हुई थी।
यह मामला आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले स्थित सुब्रह्मण्येश्वर स्वामी मंदिर का बताया जा रहा है। मंदिर की हुंडी में जमा चढ़ावे की नियमित गणना के दौरान कर्मचारियों की नजर २० रुपए के नोट पर लिखे संदेश पर पड़ी। नोट पर तेलुगु भाषा में लिखा था, ‘स्वामी, मैं अपनी सास के उत्पीड़न को अब और सहन नहीं कर सकती। कृपया सुनिश्चित करें कि वह जल्द मर जाए।’
संदेश पढ़कर मंदिर के कर्मचारी भी स्तब्ध रह गए। नोट की तस्वीर सोशल मीडिया पर पहुंचते ही तेजी से प्रसारित होने लगी। कई लोगों ने इसे धार्मिक आस्था का अपमान बताया, जबकि कुछ उपयोगकर्ताओं ने व्यंग्य करते हुए पूछा कि क्या अब भगवान को भी ‘सुपारी’ दी जाने लगी है।
कुछ समाचार माध्यमों ने संबंधित रिश्तेदार को ‘चाची’ या ‘बुआ’ बताया है, लेकिन तेलुगु शब्द के अनुवाद और स्थानीय खबरों के अनुसार संदेश में सास का उल्लेख होने की संभावना अधिक बताई गई है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नोट किस व्यक्ति ने लिखा और उसके परिवार में किस तरह का विवाद चल रहा था। मंदिर प्रशासन ने भी नोट लिखने वाले श्रद्धालु की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। यह घटना पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और क्रोध की चिंताजनक तस्वीर जरूर पेश करती है।

अन्य समाचार