मुख्यपृष्ठनए समाचारचूहों ने कुतर डाली शिंदे सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था : शताब्दी में...

चूहों ने कुतर डाली शिंदे सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था : शताब्दी में बंद हुई सर्जरी! … ऑपरेशन थिएटर हुए ठप

सामना संवाददाता / मुंबई
चूहों ने शिंदे सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था को कुतर डाला है। यह हेडिंग पढ़कर आप चौंक गए न? मगर बात ही कुछ ऐसी है। इन चूहों के उत्पात के कारण कांदिवली में मनपा के शताब्दी अस्पताल (डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अस्पताल) के सभी ऑपरेशन थिएटर पिछले १२ दिनों से बंद हैं। और अगले दो से ढाई महीने तक बंद रहेंगे।
फिलहाल अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के लिए सिर्फ एक छोटी ओटी है, इसके अलावा बाकी सभी सर्जरी बंद हो गई हैं। जरूरी सर्जरी के लिए मरीज को नजदीकी अन्य मनपा अस्पतालों में ट्रांसफर किया जा रहा है। अस्पताल से जुड़े सूत्रों ने बताया कि अस्पताल का सेंट्रल पाइप काफी पुराना था और उसे चूहों ने कुतर दिया था, इसलिए काम कई चरणों में करना पड़ा। लेकिन एक जगह काम के दौरान पूरा डक्ट नीचे आ गया, जिसके बाद डक्ट में मौजूद धूल ओटी में भरने लगी। ऐसे में ओटी में संक्रमण का खतरा बढ़ गया था।

इसीलिए यहां डक्ट की सफाई होने तक सभी ओटी को बंद कर दिया गया है। शताब्दी अस्पताल में बंद सर्जरी के कारण मरीजों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सीरियस मरीजों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए अस्पताल ने नजदीकी मनपा अस्पतालों के ओटी का उपयोग करने का निर्णय लिया है। उत्तरी मुंबई के मालाड, कांदिवली, बोरीवली और दहिसर के निवासी इलाज और सर्जरी के लिए कांदिवली के इसी अस्पताल में आते हैं। उल्लेखनीय है कि शताब्दी अस्पताल विभिन्न बीमारियों के लिए ओपीडी संचालित करता है, जिनमें स्त्री रोग और प्रसूति, आर्थोपेडिक, कान, नाक और गला (ईएनटी), सामान्य सर्जरी और नेत्र सर्जरी भी शामिल हैं। पोस्टडॉक्टरल (डीएनबी) कोर्स शुरू होने के बाद अस्पताल में कॉक्लियर इंप्लांट, ऑर्थो इंप्लांट के लिए भी सर्जरी की जाने लगी है।

अन्य समाचार