-विधायक किणीकर ने दी भाजपा को चेतावनी
सामना संवाददाता / मुुंबई
राज्य में मनपा चुनाव अपने दम पर लड़ने के संकेत के बाद महागठबंधन में शामिल सभी दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन अब महागठबंधन में शामिल दलों के बीच रस्साकशी देखी जा रही है। बदलापुर में भाजपा ने अजीत पवार गुट के साथ गठबंधन की घोषणा करके शिंदे गुट को झटका दिया था। उसके बाद अब अंबरनाथ शहर में भाजपा ने सीधे तौर पर शिंदे गुट के एक पूर्व नगरसेवक को गायब कर दिया है, यानी भाजपा में शामिल कर लिया है। इसके बाद शिंदे गुट के विधायक डॉ. बालाजी किणीकर ने अंबरनाथ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण द्वारा एक पूर्व नगरसेवक को भाजपा में शामिल करने के लिए अनुमति देने पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। किणीकर ने चेतावनी दी है कि हम गठबंधन धर्म का पालन करते हैं, लेकिन अगर ऐसा ही चलता रहा तो हमारे पास भाजपा नगरसेवकों की सूची भी है, जो शिंदे गुट में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव जनवरी के अंत तक संपन्न होने की उम्मीद है। तदनुसार, ठाणे जिले की सभी महापालिकाओं और नगरपालिकाओं में इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। वॉर्ड संरचना और आरक्षण चरणों के पूरा होने के बाद अब मतदाता सूचियों पर काम चल रहा है। इसलिए राजनीतिक दल चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। इसके साथ ही वॉर्ड वार उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू होने के साथ अन्य दलों के लोगों को प्रवेश देना शुरू कर दिया है। कुछ दिन पहले, भाजपा ने एकनाथ शिंदे को झटका देते हुए ठाणे जिले के कुलगांव-बदलापुर नगर परिषद चुनावों के लिए अजीत पवार गुट के साथ गठबंधन की घोषणा की थी।
