मुख्यपृष्ठटॉप समाचारएकजुटता का प्रकाश सभी के जीवन में आनंद लेकर आएगा!.. उद्धव ठाकरे...

एकजुटता का प्रकाश सभी के जीवन में आनंद लेकर आएगा!.. उद्धव ठाकरे के हाथों मनसे के दीपोत्सव का उद्घाटन

-मनमोहक, आकर्षक रोशनी से शिवतीर्थ जगमगाया

सामना संवाददाता / मुंबई

शिवसेना पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के हाथों महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे की संकल्पना से आयोजित शिवाजी पार्क दीपोत्सव २०२५ का उद्घाटन कल पूरे ठाकरे परिवार की उपस्थिति में धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर उद्धव ठाकरे ने सभी को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज की दिवाली अलग है, विशेष है। एकजुटता का प्रकाश सभी के जीवन में आनंद लेकर आएगा। इस तरह का विश्वास भी उद्धव ठाकरे ने इस अवसर पर व्यक्त किया। उन्होंने यह भी शुभकामना दी कि सभी इसी तरह आनंद में रहें, प्रकाश में रहें और सभी को आनंद देते रहें।
उद्धव ठाकरे और उनके परिवार के सदस्य शाम लगभग ६ बजे छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क स्थित राज ठाकरे के निवास ‘शिवतीर्थ’ पहुंचे। सौ. रश्मी ठाकरे, शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे और तेजस ठाकरे उनके साथ थे। राज ठाकरे, मां कुंदाताई ठाकरे, पत्नी शर्मिला ठाकरे, बेटी ऊर्वशी ठाकरे, अमित ठाकरे और उनकी पत्नी ने उद्धव ठाकरे और परिवार का स्वागत किया। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के मामा चंदूमामा वैद्य भी मौजूद थे।
दीपोत्सव के साक्षी बने हजारों मुंबईकर
शिवाजी पार्क दीपोत्सव २०२५ के उद्घाटन अवसर पर दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को दिवाली की बधाई दी। इस दौरान कई यादों को भी ताजा किया गया। शाम ७ बजे ठाकरे परिवार शिवतीर्थ से छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क पहुंचा। शिवसेना और मनसे के असंख्य कार्यकर्ताओं के साथ इलाके के हजारों नागरिक इस मौके पर मौजूद थे। ठीक ७.१५ बजे उद्धव ठाकरे के हाथों दीपोत्सव का उद्घाटन हुआ।
ठाकरे परिवार द्वारा संयुक्त रूप से बटन दबाते ही पल भर में पूरा छत्रपति शिवाजी पार्क परिसर रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान मार्मिक गीत बजने से माहौल भावुक हो उठा। पटाखों की शानदार आतिशबाजी हुई। तालियों की गड़गड़ाहट के साथ हजारों मुंबईकर उस आनंदोत्सव के साक्षी बने। सबकी नजरें रोशनी पर टिक गईं और हजारों मोबाइल फोन से लाखों दीयों के उस मनोरम दृश्य की तस्वीरें खींची गईं।
इस समारोह में शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत, सांसद अनिल देसाई, पूर्व सांसद विनायक राउत, उपनेता विशाखा राऊत, विभाग प्रमुख व विधायक महेश सावंत, मनसे के नेता बाला नांदगावकर, नितीन सरदेसाई, मुंबई अध्यक्ष संदीप देशपांडे, यशवंत किल्लेदार सहित दोनों पक्षों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस महोत्सव के अवसर पर ठाकरे भाई एक बार फिर एक मंच पर आए। इससे दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। दीपोत्सव के उद्घाटन के बाद उन्होंने भी एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मनसे की ओर से पिछले १३ वर्षों से छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव के लिए पूरे पार्क में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई है। केसरिया झंडे, रंगबिरंगी तोरण और कंदीलों से परिसर जगमगा उठा है। परिसर में युवा पीढ़ी इस आकर्षक कार्यक्रम के लिए पारंपरिक पोशाक में मौजूद थी। आकर्षक रोशनी और कलात्मक तरीके से लगाए गए विभिन्न आकारों के कंदीलों की पृष्ठभूमि में सेल्फी लेने की लालच को कोई नहीं रोक पाया। भले ही मनसे की ओर से दीपोत्सव का आयोजन किया जाता है, लेकिन लाखों दीयों की रोशनी से अंधेरे पर विजय पाता यह समारोह मुंबईकरों और महाराष्ट्र को हमेशा आकर्षित करता है।

अन्य समाचार