मुख्यपृष्ठनए समाचारकोर्ट के पास लावारिस वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस का एक्शन शुरू

कोर्ट के पास लावारिस वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस का एक्शन शुरू

`नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों की पहचान करने के बाद उन्हें नोटिस द्वारा सूचित किया जाएगा’

सुरेश गोलानी / मुंबई
`दोपहर का सामना’ ने बुधवार (१५ अक्टूबर) के अंक में (लावारिस वाहनों के कारण कोर्ट की सुरक्षा रामभरोसे) मीरा रोड के हाटकेश इलाके में स्थित प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट सिविल जज (जूनियर डिविजन) न्यायालय इमारत के पास पर पड़ी लावारिस और बिना नंबर प्लेट वाली खटारा गाड़ियों के कारण संभावित खतरे के बारे में सचेत करते हुए खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस के यातायात विभाग ने गुरुवार को इन लावारिस गाड़ियों के खिलाफ कार्र्रवाई शुरू कर दी है। यातायात विभाग से जुड़े पुलिसकर्मी ई-चालान डिवाइस के जरिए लावारिस गाड़ियों की फोटो क्लिक कर उल्लंघन करने वाले मालिकों की पहचान करने में जुट गए हैं। इसके अलावा कोर्ट के आस-पास सार्वजनिक रोड और फुटपाथ पर कब्जा करने वाले गैराज मालिकों को भी पुलिस ने सख्त वॉर्निंग जारी किया है। मौके पर मौजूद एक ऑन ड्यूटी ट्रैफिक हवलदार ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों की पहचान करने के बाद उन्हें नोटिस द्वारा सूचित किया जाएगा, अगर २४ घंटों के भीतर दंड की रकम भर कर गाड़ी नहीं हटाई गई तो हम टोइंग वैन की मदद से उसे जब्त कर कानूनी कार्रवाई करेंगे।
`ऑपरेशन खटारा’ डाल दिया गया ठंडे बस्ते में
ज्ञात हो कि इन खतरों को देखते हुए मीरा-भायंदर महानगरपालिका ने तीन वर्ष पहले शहर में लावारिस वाहनों को हटाने के लिए `ऑपरेशन खटारा’ नामक अभियान चलाया था, जिसके तहत मालिक को नोटिस देना, वाहन टो करना और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कदम उठाने जैसी कार्रवाई शामिल थी। लेकिन कुछ ही महीनों में ऑपरेशन खटारा को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया, जिसके चलते शहर के विभिन्न हिस्सों में लावारिस पड़ी गाड़ियों की संख्या में भारी वृद्धि देखने को मिल रही है।

अन्य समाचार