हिमांशु राज
छोटे गांव के एक होनहार युवक पंकज की भावनात्मक और प्रेरणादायक कहानी वाली फिल्म ड्रॉप आउट का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च किया गया है। यह फिल्म पंकज की जिंदगी के संघर्ष, परिवार की उम्मीदों और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को गहराई से चित्रित करती है। गांव में पढ़ाई में अव्वल रहने वाले पंकज का सफर लखनऊ के पॉलिटेक्निक कॉलेज तक जाता है, जहां वह मानसिक दबाव, प्रतियोगी परीक्षाओं और आत्म-संदेह के बीच अपनी पहचान तलाशता है। उसकी मुलाकात आस्था से होती है, जो उसे अपने अंदर की आवाज सुनने की प्रेरणा देती है। फिल्म का निर्देशन, संवाद और पटकथा ओमकार पेतखर ने लिखा है, जबकि कहानी और निर्माण उमाशंकर यादव के हैं। सेरीन फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म राजेन्द्र गुप्ता, मुश्ताक खान, उदय सिंह, तनुष्का शर्मा समेत कई अनुभवी कलाकारों द्वारा सजी है। संगीत प्रज्वल पंड्या का है, गीत डॉ. सागर के हैं और स्वर सूमी शैलेश एवं अरुण देव यादव ने दिए हैं। यह 95 मिनट की फिल्म शिक्षा की कटु सच्चाई और युवाओं के सपनों की गहराई को दर्शाती है। दर्शकों को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार रहेगा, क्योंकि ड्रॉप आउट आगामी नवंबर में दर्शकों के बीच बड़े पर्दे पर प्रदर्शित होगी। यह फिल्म न केवल शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि हर उस युवा को आवाज़ देती है, जो अपने सपनों की खोज में खुद की पहचान बनाना चाहता है।
