राधेश्याम सिंह
विरार। पांच साल पुराने हत्या के एक गंभीर मामले में फरार चल रही महिला आरोपी को विरार अपराध शाखा कक्ष-3 ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। यह हत्या 12 फरवरी 2020 को बदलापुर पूर्व के बेलवली इलाके में हुई थी, जहां प्रदीप दयाशंकर राय (उम्र 23) की हत्या कर उसे आत्महत्या जैसा दिखाने का प्रयास किया गया था। आरोपी ने साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश भी की थी। इस मामले में अर्नाळा पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 302 और 201 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
तत्कालीन जांच में सामने आया कि हत्या में शामिल एक महिला आरोपी (उम्र 27) वारदात के बाद से ही फरार थी। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने आरोपी के खिलाफ CRPC की धारा 299 के अंतर्गत वसई न्यायालय में चार्जशीट दाखिल किया था।पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा फरार आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए गए थे। इस आदेश के पालन में विरार अपराध शाखा कक्ष-3 की टीम ने बीते चार महीनों से लगातार निगरानी और गुप्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि महिला आरोपी मुंबई के कांदिवली (पूर्व) इलाके में छिपी हुई है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 अक्टूबर 2025 को महिला आरोपी को पूजा मेडिकल और गावदेवी मंदिर के पास से हिरासत में लिया। इसके बाद उसे अर्नाळा पुलिस स्टेशन को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक शाहूराज रणवरे, सहायक पुलिस निरीक्षक सुहास कांबळे, पुलिस उप निरीक्षक प्रकाश तुपलोंढे, रामचंद्र पाटील, सहायक फौजदार शिवाजी पाटील, पुलिस हवलदार मुकेश तटकरे, गोविंद केंद्रे, सागर बारवकर, प्रशांत पाटील, राकेश पवार, सुनिल पाटील, युवराज वाघमोडे और अन्य पुलिसकर्मियों ने किया।इस टीम में संतोष चव्हाण (सायबर पुलिस स्टेशन) तथा महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहे जिन्होंने इस केस को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। यूनिट 3 की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था की दृष्टि से एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
