मुख्यपृष्ठखबरेंयूपी के आईएएस रिंकू सिंह राही ने दिया इस्तीफा, बोले- न पोस्टिंग...

यूपी के आईएएस रिंकू सिंह राही ने दिया इस्तीफा, बोले- न पोस्टिंग मिली, न काम

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

उत्तर प्रदेश कैडर के 2022 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रिंकू सिंह ने कहा कि लंबे समय से उन्हें न तो कोई नियमित पोस्टिंग मिल रही थी और न ही काम करने का अवसर दिया जा रहा था। वह काफी समय से राजस्व परिषद में संबद्ध थे और सक्रिय प्रशासनिक जिम्मेदारी से दूर थे।

सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अपने इस्तीफे में उल्लेख किया है कि राज्य में संवैधानिक व्यवस्था के समानांतर एक अलग प्रणाली काम कर रही है, जिसके कारण वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सही तरीके से नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें वेतन तो मिल रहा था, लेकिन जनसेवा का वास्तविक अवसर नहीं मिल पा रहा था। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने अपने इस्तीफे को नैतिक निर्णय बताया है।

गौरतलब है कि रिंकू सिंह राही ने 28 जुलाई को शाहजहांपुर जिले की पुवायां तहसील में उपजिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। अगले ही दिन तहसील परिसर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जगह-जगह गंदगी, खराब शौचालय और एक वकील के मुंशी को खुले में पेशाब करते हुए देखा। इस पर नाराज होकर उन्होंने मौके पर ही संबंधित व्यक्ति को उठक बैठक करने को कहा, जिससे वकीलों में नाराजगी फैल गई थी।

घटना के बाद वकीलों ने तहसील कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया और एसडीएम के व्यवहार पर आपत्ति जताई। बाद में बातचीत के दौरान वकीलों ने शौचालयों की खराब स्थिति और सफाई व्यवस्था की कमी को लेकर अपनी शिकायतें रखीं। एसडीएम राही ने उनकी बात स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से तहसील में सफाई व्यवस्था की कमी मानी और वकीलों के सामने खुद कान पकड़कर पांच उठक बैठक की।

उस समय राही ने कहा था, “जब मैंने लोगों को शौचालय के पास खुले में पेशाब करते देखा, तो उन्हें सुविधा का उपयोग करने के लिए कहा। जब उन्होंने मना किया, तो उन्हें उठक बैठक करवाई। इसी तरह, कुछ स्कूली बच्चों को परिसर में घूमते देखा, तो उनके अभिभावकों को भी चेतावनी के रूप में उठक बैठक करवाई गई।”

अन्य समाचार