मुख्यपृष्ठनए समाचारपेपर लीक फडणवीस सरकार की नाकामी...सजा छह लाख युवाओं को क्यों?- राहुल...

पेपर लीक फडणवीस सरकार की नाकामी…सजा छह लाख युवाओं को क्यों?- राहुल गांधी

-महाराष्ट्र टीईटी पर विपक्ष का हमला

-नई तारीख बताओ, गुनहगार पकड़ो और अभ्यर्थियों को आयुसीमा में राहत दो

– परीक्षा की गोपनीयता टूटी तो जिम्मेदार कौन?

– दो सप्ताह बाद भी नई तारीख क्यों नहीं?

-दोषियों पर कार्रवाई और उम्मीदवारों को राहत कब?

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा के कथित पेपर लीक ने फडणवीस सरकार की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को घेरते हुए पूछा है कि सरकारी तंत्र की नाकामी की सजा छह लाख ईमानदार अभ्यर्थियों को क्यों दी जा रही है।
उन्होंने सरकार से पूछा कि नई परीक्षा की तारीख अब तक घोषित क्यों नहीं की गई और इतने बड़े लीक के असली जिम्मेदारों को कब तक पकड़ा जाएगा। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली-महा-टीईटी की नई परीक्षा तारीख तुरंत घोषित की जाए। दूसरी-पेपर लीक में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों, दलालों और संरक्षण देने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। तीसरी-परीक्षा स्थगित होने से जिन उम्मीदवारों का समय और अवसर बर्बाद हुआ है, उन्हें भविष्य की परीक्षाओं और भर्तियों में आयुसीमा की छूट दी जाए।

`राहुल गांधी ने कहा कि लाखों युवाओं ने महीनों तैयारी की, परीक्षा शुल्क भरा और केंद्रों तक पहुंचने की व्यवस्था की, लेकिन पेपर लीक की खबर सामने आते ही परीक्षा स्थगित कर दी गई। इसके बाद उम्मीदवारों को अनिश्चितता में छोड़ दिया गया।’

`मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि मामले में जांच और कार्रवाई हो चुकी है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन अभ्यर्थियों का सवाल अब भी वही है-जब गलती सरकार की व्यवस्था की है, तो नुकसान छात्रों और बेरोजगार युवाओं को क्यों उठाना पड़े?’

 

अन्य समाचार