मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबईकरों, मानसून मारक होगा!

मुंबईकरों, मानसून मारक होगा!

– नदी-नालों की सफाई अधूरी,सड़कों में भरे पड़े हैं गड्ढे

– सरकार के पास तैयारियों के लिए न वक्त है न पैसा

सामना संवाददाता / मुंबई

कांदिवली स्थित पोइसर नाला इस समय बुरी तरह गंदगी और मलबे से जाम है। जबकि मानसून सिर पर है और राज्य सरकार ने ७ जून तक सभी नालों की सफाई का लक्ष्य रखा है, स्थानीय लोगों का मानना है कि पोइसर नाले की स्थिति को देखते हुए समय पर सफाई पूरी होना मुश्किल है।
करीब ११ किलोमीटर लंबा यह नाला उन स्थानों में शामिल है, जहां मनपा ने ट्रैशबूम नामक आधुनिक उपकरण लगाए हैं, जो पानी में तैरती गंदगी को पकड़कर ट्रकों में भरते हैं। इसके बावजूद नाले की हालत में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मनपा की सफाई सिर्फ कागजों पर हो रही है। बड़ी मशीनें लाकर सिर्फ सतह पर जमा कचरा निकाला जाता है, जबकि अंदर जमा गंदगी को गहराई में धकेल दिया जाता है। यही कारण है कि भारी बारिश के समय वही दबा हुआ कचरा ऊपर आ जाता है और नाला फिर से जाम हो जाता है। कई बार ऐसा देखा गया है कि सफाई के नाम पर कुछ ट्रक कचरा उठाया गया, कुछ तस्वीरें खिंचवाई गर्इं और फिर मशीनें बिना काम किए छोड़ दी गर्इं। इस अधूरी सफाई के कारण हर साल बरसात में आसपास की इमारतों में और सड़कों पर पानी भर जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है। कई परिवारों को तो मानसून के समय अपनी गाड़ियां दूर पार्क करनी पड़ती हैं। मनपा के आर-साउथ वॉर्ड कार्यालय से इस विषय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। अब देखना होगा कि निर्धारित तारीख तक पोइसर नाले की सफाई पूरी होती है या नहीं।
मीठी नदी की सफाई अधूरी
मानसून शुरू होते ही मुंबई में जलभराव और बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका है, क्योंकि मुंबई मनपा ने समय रहते नालों और मीठी नदी की सफाई का काम पूरा नहीं किया है।
रिपोर्ट की मानें तो छोटे नालों की सफाई में सिर्फ ६६ फीसदी काम हुआ है, जबकि मीठी नदी की सफाई में यह आंकड़ा ५४ फीसदी पर अटका हुआ है। तीन जिम्मेदार ठेकेदारों में से दो ६५ करोड़ के भ्रष्टाचार मामले में फंसे हैं और एसआईटी की जांच के दायरे में हैं, जबकि तीसरे ठेकेदार को मलबा मिलाकर नालों की सफाई करने के आरोप में ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इस कारण अब कोई नया ठेकेदार यह काम लेने को तैयार नहीं है, जिससे काम ठप पड़ा हुआ है।

अन्य समाचार