मुख्यपृष्ठसमाचारहत्यारे गिरफ्तार...पुलिस क्या धो पाएगी दाग!

हत्यारे गिरफ्तार…पुलिस क्या धो पाएगी दाग!

सामना संवाददाता / नई मुंबई

नई मुंबई के वाशी स्थित किनारा बार में काम करने वाले व्यक्ति के हत्यारों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, जिस वक्त हत्या हुई, उस समय सुबह के करीब 5 बज रहे थे और मृतक काम से वापस घर जा रहा था। इसका अर्थ यह निकलता है कि बार देर रात तक चालू था, जिसके चलते उसे इतनी रात को घर के लिए निकलना पड़ा।
गौरतलब है कि 28 मार्च को सुबह करीब 5 बजे मृतक घर जाने के लिए फिजिक्स जिम के पास बैठा था, तभी तीन लोग एक बाइक से आए और उसके हाथ में मौजूद सफेद बैग मांगने लगे, जब उसने देने से मना किया तो आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद पीड़ित की आवाज सुनकर बार में मौजूद अन्य कर्मचारी बाहर आ गए और उन लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आरोपी उससे बैग छीनकर भागने लगे तभी दूसरे कर्मचारी ने उसका पीछा किया तो आरोपियों ने उसके शरीर पर भी कई हमले किए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सुबह जब इसकी खबर पुलिस को लगी तो पुलिस ने सीसीटी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें मुंब्रा और मलाड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने भले ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन सवाल ये उठता है कि आखिकार ये घटना हुई क्यों? नई मुंबई में जबसे मिलिंद भारंभे की आयुक्त के रूप में नियुक्ति हुई है। शहर में हर जगह सभी बार और रेस्टॉरेंट्स को 9 बजे बंद करने का नियम लागू कर दिया गया है और शहर में अधिकांश जगहों पर इसका पालन भी होता दिख रहा है, फिर वाशी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत इसका पालन क्यों नहीं हो रहा है। आखिर किसके इशारे पर यह बार इतनी देर रात तक चालू था। लोग सवाल कर रहे हैं कि यदि बार समय पर बंद होता तो क्या मंटू कुमार यादव को अपनी जान गंवानी पड़ती। लोगों का कहना है कि जबसे पुलिस स्टेशन में बड़े पैमान पर तबादले किए गए हैं, वाशी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत लगातार नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं। वाशी में कई बार, हुक्का पार्लर और पब देर रात तक चलते रहते हैं।

अन्य समाचार